पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को सीएमओ डा.एनआर वर्मा द्वारा श्री गया सिंह प्राथमिक विद्यालय, पांडेय बाजार (निकट शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलसिंगार) में किया गया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-2 के छात्र प्रियांशु एवं कक्षा-एक की छात्रा रिद्धि सहित कई बच्चों को टीका लगवाकर अभियान की शुरुआत की।
सीएमओ ने बताया कि एमआर टीकाकरण अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी तक पूरे जनपद में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कक्षा एक से 5 तक के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ चिन्हित स्थलों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अभियान से जोड़ा जा सके।
उन्होंने निजी विद्यालयों की अपेक्षाकृत कम सहभागिता पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने प्रशिक्षित एएनएम द्वारा अपने समक्ष बच्चों का टीकाकरण कराते हुए अभिभावकों को टीके की सुरक्षा, उपयोगिता और महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं एडिशनल सीएमओ डा. अब्दुल अजीज, एडिशनल सीएमओ डा. उमाशरण पांडेय, विद्यालय की प्राचार्य, मनीष तिवारी, गुफरान अहमद, पूनम शुक्ला, हरिलाल, प्रशांत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय