पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सीएमओ डा. एनआर वर्मा द्वारा रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजपुर, छिड़ी ब्राह्मण, अतरैठ एवं कंधरापुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कंधरापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को छोड़कर शेष सभी केंद्रों पर विभिन्न अनियमितताएं पायी गयी। महराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिली तथा चिकित्सीय उपकरणों का रखरखाव भी अपेक्षित स्तर का नहीं पाया गया, हालांकि स्टाफ की उपलब्धता पूर्ण पाई गई।
छिड़ी ब्राह्मण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डा. अमित कुमार 5 दिसंबर से निरीक्षण दिवस (रविवार) तक लगातार अनुपस्थित पाए गए। इसके अतिरिक्त फार्मासिस्ट राजकुमार भी मेला दिवस पर अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दोनों संबंधित कर्मचारियों का संबंधित दिवस का वेतन रोकने एवं स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए।
अतरैठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डा. अनूप कुमार कश्यप एवं वार्ड बॉय राजेन्द्र प्रसाद यादव हस्ताक्षर बनाकर अनुपस्थित पाए गए। इस गंभीर लापरवाही पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दोनों कर्मियों का वेतन रोके जाने तथा चिकित्सक से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कंधरापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
डा.वर्मा ने कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान (गोल्डन) कार्ड निर्माण की प्रगति धीमी है, वहां के प्रभारी अलग एवं प्रभावी रणनीति बनाकर कार्य करें, जिससे अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा सकें तथा जनपद की उपलब्धि को शत-प्रतिशत तक पहुंचाया जा सके। सभी प्रभारी प्रत्येक रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला की गतिविधियों के फोटोग्राफ विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप पर अनिवार्य रूप से साझा करें, जिससे नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
रिपोर्ट-बबलू राय