लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ननकू राम वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवगांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डों की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के उपचार तथा स्टाफ की उपस्थिति की गहनता पूर्वक जांच की गई। जांच में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि अधीक्षक द्वारा गार्ड की कमी की जानकारी दी गई। इस पर सीएमओ ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र गार्ड की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
सीएमओ के सीएचसी पहुंचने पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। निरीक्षण के दौरान खुम्हादेवरी गांव निवासी अंजू राम पत्नी साहबराज इलाज के लिए पहुंची थीं, जिनमें खून की अत्यधिक कमी पाई गई। उन्हें तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू कराया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद, अलका शर्मा, गरिमा चौधरी, फणीश कुमार, विशाल राय, अभिनव सिंह, फार्मासिस्ट रमाशंकर, आरती तिवारी, भावना, अभिषेक, नंदकिशोर, दीपक कश्यप, सुधाकर, सुनील कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में सीएमओ ने 100 बेड कंबाइंड हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं अच्छी हैं और मरीजों का इलाज सुचारू रूप से चल रहा है। डा. बीके सिंह ने दंत चिकित्सक और एमडी मेडिसिन विशेषज्ञ की कमी की जानकारी दी। इस पर सीएमओ ने मांगपत्र भेजने को कहा और आवश्यक व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। सीएमओ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज, जो वर्तमान में देवगांव बाजार स्थित अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, उसका स्टाफ अभी लालगंज में बैठ रहा है, जिसे भविष्य में देवगांव स्थित अस्पताल में तैनात किया जाएगा।
इस दौरान एसबी मौर्य, अनिल सिंह, शशांक यादव, प्रवेश कुमार, आलोक रंजन, चीफ फार्मासिस्ट लालमन यादव सहित अन्य डाक्टर और स्टाफ मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज का भी निरीक्षण किया गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद