सीएमओ ने सारथी वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं पुरुषों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चल रहे पुरुष नसबंदी विशेष पखवाड़े के तहत शुक्रवार को सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने सारथी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस वर्ष का थीम “स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार- पुरुष सहभागिता से ही होगा सम्पन्न परिवार” निर्धारित किया गया है। डा. वर्मा ने बताया कि सारथी प्रचार वाहन शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर पुरुष नसबंदी, परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई साधनों, महिलाओं हेतु उपलब्ध विकल्पों तथा इनके लाभ के बारे में सरल भाषा में जानकारी प्रदान करेगा। वाहन के माध्यम से ऑडियो संदेश, पोस्टर, पम्पलेट एवं वीडियो क्लिप के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सुरक्षित, सरल एवं प्रभावी प्रक्रिया है, जो सामान्य दिनचर्या को प्रभावित नहीं करती।
एडिशनल सीएमओ डा. उमाशरण पांडेय ने बताया कि मिशन परिवार विकास के अंतर्गत जनपद में परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता गतिविधियों को गति दी जा रही है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरशद अहमद अंसारी ने बताया कि सारथी वाहन पर परिवार नियोजन एवं पुरुष नसबंदी से संबंधित सभी प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे आमजन आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर एडिशनल सीएमओ डा. अजीज़, डिप्टी सीएमओ डा. अरविंद चौधरी, वरिष्ठ सहायक दिलीप चौबे, बबलू यादव, शुभम यादव, राजेश आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *