स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई तय: सीएमओ

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एनआर वर्मा ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और परिवार नियोजन से जुड़ी सभी सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाना सभी स्वास्थ्य इकाइयों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ ने निर्देश दिया कि नवजात बच्चों की देखभाल वाली इकाइयां हर समय चालू रहें और उनकी रिपोर्ट प्रतिदिन भेजी जाए।
उन्होंने कहा कि पुरुष नसबंदी पखवाड़ा प्रभावी ढंग से चलाया जाए और पुरुषों को जागरूक कर उनकी भागीदारी बढ़ाई जाए। महिलाओं के लिए उपलब्ध गर्भनिरोधक साधन हर उपकेंद्र पर पर्याप्त मात्रा में रहे। अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी डा. उमाशरण पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य टीमें गांवों में लोगों को सरल भाषा में सही सलाह दें और परिवार नियोजन अपनाने के लिए प्रेरित करें। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और पंचायत सहायक एक महीने तक आयुष्मान कार्ड तेजी से बनवाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क इलाज का लाभ मिल सके।
सीएमओ ने बताया कि बड़े अस्पतालों में सभी ऑपरेशन सेवाएं मानक के अनुसार चलें। गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन पहली तिमाही में ही किया जाए और बच्चों का पंजीकरण समय पर पूरा हो। सभी प्रसव अस्पताल में ही हों, घर पर प्रसव कतई स्वीकार्य नहीं है। डा.वर्मा द्वारा टीकाकरण की उपलब्धि 100 प्रतिशत रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गये। निर्देशों में कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई तय है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *