पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नन्हकू राम वर्मा द्वारा होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों एवं विशेष ड्यूटी व्यवस्थाओं की पड़ताल हेतु सगड़ी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अजमतगढ़, हरैया एवं बिलरियागंज का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान तीनों चिकित्सालय खुले पाए गए तथा चिकित्सकों द्वारा मरीजों का उपचार किया जाता मिला। तीनों स्वास्थ्य केन्द्रों पर मरीजों की पर्याप्त भीड़ भी देखने को मिली, जहां चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ सक्रिय रूप से उपचार सेवाएं प्रदान करते पाए गए। सभी चिकित्सालयों में एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड में तैनात मिलीं तथा आवश्यक दवाएं प्रचुर मात्रा में उपलब्ध पाई गईं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त सरकारी चिकित्सालयों को निर्देशित किया कि होली पर्व के दौरान अधीक्षक/प्रभारी द्वारा तैयार किए गए ड्यूटी रोस्टर का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि पूरा स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा तथा किसी भी समय वीडियो कॉल अथवा लाइव लोकेशन के माध्यम से उपस्थिति सत्यापित की जा सकती है। उन्होंने सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहार अवधि की ड्यूटी को चुनाव ड्यूटी की भांति गंभीरता से लेते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी । मुख्य चिकित्साधिकारी के निरीक्षण में प्रभारी प्रचार प्रसार मनीष तिवारी भी साथ साथ उपस्थित रहे ।
रिपोर्ट-बबलू राय