सीएमओ ने चार स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता एवं प्रभावशीलता का आंकलन करने के उद्देश्य से सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने रविवार को चार स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कुछ केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहीं कुछ स्थानों पर गंभीर कमियां भी सामने आईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पारनकुंडा अजमतगढ़ में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत संचालित ओपीडी में सीएमओ डा. वर्मा स्वयं बैठकर मरीजों का परीक्षण करते नजर आए। उन्होंने मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उन्हें उपलब्ध दवाओं के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र से दवाएं लेने की सलाह दी।
पूर्व भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में इस बार केंद्र पर साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति एवं उपकरणों का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर केंद्र प्रभारी की सराहना की।
न्यू पीएचसी अमुआरी नारायणपुर के निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाए जाने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रभारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए और भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी। वहीं न्यू पीएचसी छपरा सुल्तानपुर में पूर्व निरीक्षण की तुलना में व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ के निरीक्षण के दौरान रविवार होने के बावजूद कुछ कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डा. वर्मा ने बताया कि रविवार को जनपद में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला कुल 77 स्थानों पर आयोजित किया गया। इन मेलों में 87 चिकित्सकों एवं 278 पैरामेडिकल स्टाफ ने सेवाएं प्रदान कीं। मेले में कुल 2634 मरीजों का पंजीकरण किया गया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *