बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में छठ पूजा की तैयारी जोरों पर चल रही है। गांव के पोखरों की साफ सफाई ग्राम प्रधान द्वारा युद्ध स्तर पर कराई जा रही है वहीं पोखरी के किनारे व्रती महिलाओं द्वारा वेदी बनायी जा रही है। दूसरी तरफ बाजारों में बड़ी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
अतरैठ ग्राम प्रधान प्रदीप सोनी द्वारा हनुमानगढ़ी पोखरे पर साफ सफाई की गई साथ ही 80 वेदियां पोखरी की सीढ़ियों पर बनाई गई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि मेरे द्वारा पोखरी के चारों तरफ लाइट की व्यवस्था की गई है। सरैया ग्राम प्रधान हौसला प्रसाद द्वारा भी बाबा पौहारी के पोखरे की साफ सफाई कराई गई है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि पोखरे की साफ-सफाई को देखते हुए पौहारी बाबा मंदिर समिति के लोगों द्वारा वेदी बनाने से रोक दिया गया है केवल पूजा अर्चना करने की ही अनुमति दी गई है। बेदी की जगह पर मात्र गोल सर्किल बनाकर के लोगों को पूजा-अर्चना करनी है। महिलाओं का आरोप है कि इस व्रत में बेदी का बड़ा ही महत्व है। हम लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है। मखनहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गरुड़ जयसवाल द्वारा, बूढ़नपुर स्थित पोखरे का समाजसेवी गुडलक सिंह द्वारा साफ सफाई की व्यवस्था कराई गई है। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि छठ पूजा को लेकर मेरे द्वारा पोखरी का निरीक्षण भी किया गया। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत हर पोखरे पर पुलिस बल भी मौजूद रहेगी जिससे कोई अप्रिय घटना न हो और त्यौहार हर्ष पूर्वक मनाया जा सके।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को बुढ़ऊ बाबा मंदिर प्रबंध तंत्र की ओर से गांगी नदी के किनारे साफ सफाई कराई गई। क्षेत्र के युवकों द्वारा व जेसीबी लगाकर घाट को समतल किया गया तथा जेसीबी द्वारा नदी के तट पर रास्ता बनवाया गया ताकि व्रती महिलाओं को कोई दिक्कत न हो सके। व्रती महिलाएं अपनी अपनी वेदिया बना चुकी हैं। ताकि उन्हें कोई समस्या उत्पन्न न हो। यहां देवगांव बाजार की महिलाओं के साथ निकटवर्ती कई गांव की महिलाएं एकत्र होती है तथा सूर्य की उपासना करने के साथ पूजा पाठ करती हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस की भी तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद/अरविन्द सिंह