फूलपुर आजमगढ (सृष्टिमीडिया़)। स्थानीय ब्लाक सभागार में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत अच्छा प्रदर्शन करने वाली समूह की कैडर महिलाओं को फ़िल्म अभिनेत्री शबाना आज़मी ने शील्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान महिला समूह की महिलाएं शबाना आज़मी को अपने बीच पाकर खुश नजर आयी।
फिल्म अभिनेत्री शबाना आज़मी के पहुंचते ही महिला समूह की सखियों ने आरती और पुष्प् वर्षा कर स्वागत किया। फ़िल्म अभिनेत्री शबाना आज़मी द्वारा बनाये गए नारे ‘कमाने वाला खायेगा, लूटने वाले जाएगा, नया जमाना आएगा’ के नारे से पूरा ब्लाक परिसर गूंज उठा। महिलाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। शबाना आज़मी ने महिलाओं का उत्साह वर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाएं ईमानदारी पूर्वक काम करें, तो निश्चित रूप से आत्मनिर्भर हो सकती हैं। उन्होंने प्रधान हथनोरा कुंजन, नीलम, शशिकला, सोनाली, रंजना, शकुंतला, सुमन बाला, कलावती आदि को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीएमएम सौरभ कुमार, शिरीन फातिमा, जितेंद्र, चन्द्र कला, पूजा, सोनाली आदि मौजूद रहीं। संचालन प्रमोद कुमार यादव ने किया।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय