टीकाकरण बीच में छोड़ चुके बच्चों की घर-घर की जा रही पहचान

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पूरे दिसंबर माह में चल रहे टीका उत्सव के प्रगति की समीक्षा बैठक देर शाम बुद्धवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एनआर वर्मा की अध्यक्षता में उनके कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से मिली रिपोर्टों, टीकाकरण सत्रों तथा बच्चों को लगाए गए टीकों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों का काम संतोषजनक पाया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वर्मा ने टीका उत्सव में लगे सभी चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, फील्ड टीमों तथा डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ की टीमों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है और सभी टीमों का आपसी तालमेल अच्छा है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और 100 प्रतिशत लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने फील्ड टीमों को डेटा समय पर दर्ज करने, सभी टीकाकरण सत्र नियमित रूप से चलाने और छूटे हुए बच्चों की खोज को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने बताया कि पहला टीका न लगने वाले तथा बीच में टीका से छूट चुके बच्चों की घर-घर पहचान तेज की जा रही है। परिवारों के रिकॉर्ड के मिलान में पूरी सावधानी बरतने और जानकारी समय पर भरने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.उमाशरण पांडे, डिप्टी सीएमओ डा. आलेन्द कुमार, डा. अविनाश झा, पूनम शुक्ला, मनीष तिवारी, जिला टीकाकरण टीम तथा डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ एवं जेएसआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *