सीपीएस पुस्तक मेले में बच्चों ने दिखाई रूचि

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेंट्रल पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में शुक्रवार को ‘‘पुस्तक मेला’’ का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों में पठन-पाठन की रुचि को बढ़ावा देना, ज्ञान के प्रति उत्सुकता जगाना तथा साहित्यिक चेतना का विकास करना है।
‘‘पुस्तक मेला’’ का उद्घाटन चेयरपर्सन तरन्नुम खानम, मैनेजर नवाज़ अहमद खान एवं डा.आज़ाद अहमद खान, प्रिंसिपल रेखा सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। मैनेजर नवाज़ अहमद खान ने छात्रों को पुस्तकों की महत्ता के बारे में बताया और कहा कि पुस्तकें न केवल ज्ञान का भंडार होती हैं, बल्कि हमारे व्यक्तित्व को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस तरह के आयोजन बच्चों में रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित यह मेला विभिन्न प्रसिद्ध प्रकाशकों एवं पुस्तक विक्रेताओं की भागीदारी से सुसज्जित था। मेले में शैक्षणिक, साहित्यिक, प्रेरणादायक, बाल साहित्य, विज्ञान, कला और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सैकड़ों पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। छात्रों ने उत्साहपूर्वक पुस्तकें देखीं, खरीदीं और विभिन्न विषयों में रुचि दिखाई।
इस पुस्तक मेले का आयोजन 3 दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियां जैसे पुस्तक परिचर्चा, लेखन प्रतियोगिता, कविता पाठ और कहानी लेखन जैसे आयोजन भी होंगे। पुस्तक मेले का समापन 13 जुलाई को विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक मीटिंग के समापन के साथ होगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *