आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राहुल चिल्ड्रेन एकेडमी रैदोपुर में पढ़ाई के अंतिम दो घंटियों में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने एक दूसरे पर अबीर गुलाल लगाकर होली का लुफ्त उठाया और एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीनू राय ने बच्चों अध्यापकों, अध्यापिकाओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि भारत वर्ष के त्योहारों में होली का त्यौहार अपना एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। देश और समाज में फैली हुई बुराई को मिटाने और अच्छाई को स्थापित करने के प्रतीक के रूप में इस त्यौहार को मनाया जाता है। उन्होंने बच्चों सहित पूरे विद्यालय परिवार के अभिभावकों व सभी देशवासियों को भी होली की शुभकामनाएं दी।
इसी क्रम में मिशन हास्पीटल परिसर में डा.अशोक सिंह के नेतृत्व में अस्पताल कर्मियों ने होली खेली। डा.सिंह ने कहा कि होली सारे गिले शिकवे भुलाकर आपसी प्रेम सौहार्द से रहने का त्यौहार है। उन्होंने कहा कि होली में केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न करें। हर्बल रंगों का ही प्रयोग करें क्योंकि केमिकल युक्त रंगों से शरीर को हानि पहुंच सकती है। अंत में उन्होंने सभी अस्पताल कर्मियों सहित जनपद वासियों को होली की शुभकामनाएं दी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार