अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज अतरौलिया के प्रांगण में पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के बच्चों व बच्चियों ने प्रतिभाग किया। यह पदयात्रा लगभग एक किलोमीटर लंबी दूरी तय कर पुनः विद्यालय परिसर पर संपन्न हुई। हाथों में स्लोगन लिए बच्चे, बच्चियां खेल के प्रति लोगों को नारे लगाते हुए जागरुक कर रहे थे। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज आजमगढ़ खेल महोत्सव 18 से 26 जनवरी तक तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर तक आयोजन की तैयारी को लेकर सभी क्षेत्रों से आए स्कूली बच्चों से परिचर्चा भी कर चुके है।
डीएम ने बच्चों को खेल के महत्व के बारे में बताया। साथ ही पढ़ाई के साथ खेल को किस तरीके से शामिल करना है, वह भी तरीका सिखाया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कठिन पढ़ाई और लगातार बढ़ते सिलेबस के दबाव में बच्चों के शरीर पर बुरा असर पड़ता है उसको खेल से दूर किया जा सकता है। पहले केवल पढ़ने को लेकर जोर दिया जाता था लेकिन आज खेल का महत्व भी कहीं से कम नहीं है। जबकि कई स्थानों पर बहुत ज्यादा है। डीएम ने सभी बच्चों से आजमगढ़ खेल महोत्सव के आयोजन को लेकर उनके सुझाव भी मांगे। डीएम ने कहा कि पहले चरण में तहसील स्तर पर विद्यालयों में आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। वहां से जो स्कूल चयनित होंगे उनकी प्रतियोगिता जिला स्तर पर होगी। उसके बाद जो विजेता होंगे उनको गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानाचार्य अरुण कांत सिंह, डॉ.दिनेश सिंह, ओपी सिंह, मानवेंद्र सिंह, राम रूप सोनी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद