मानव शृंखला बना कर बच्चों ने दी सुरक्षित यात्रा की जानकारी

शेयर करे

दुबारी मोड़ से बनियाबान तिराहे तक लगभग 1.5 किलोमीटर के बीच बनी मानव शृंखला

मऊ। मधुबन में एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के छात्रों ने मानव शृंखला बना कर वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के प्रति सोमवार को जागरूक किया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में तहसील, ब्लॉक, बेसिक शिक्षा एंव पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज करायी। मधुबन के दुबारी मोड़ से बनियाबान तिराहे तक लगभग 1.5 किलोमीटर के बीच बनी यह मानव शृंखला एक सुखद एहसास करा रहे थे। कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि बच्चे, बड़ों को जागरूक कर रहे थे। स्कूली छात्र ग्रुप बना कर सड़क पर चलने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों को रोक रहे थे। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने व दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। साथ में उन्हें पर्चे देकर यातायात के नियम बता कर उसे पालन करने की नसीहत भी दे रहे थे।

दर्जन स्कूलों के बच्चों ने किया प्रतिभाग

इस अभियान में मधुबन तहसील क्षेत्र के सुभागी देवी इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर, राष्ट्रीय विद्यालय, स्वामी विवेकानंद स्कूल, परिषदीय विद्यालयों के बच्चों सहित एक दर्जन से अधिक विद्यालय के बच्चों ने भाग लिया। विद्यालय के छात्रों द्वारा बनाई गयी मानव शृंखला में तहसीलदार अजीत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, डॉ. संजीव कुमार मल्ल, देवेन्द्र सिंह, अमित सिंह, अशोक सिंह लेखपाल सहित कई विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों ने भी ने भी अपनी भागीदारी दर्ज करायी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत उप जिलाधिकारी मनोज तिवारी, बीडीओ फतेहपुर जयेश कुमार सिंह, बीईओ सुनील कुमार सिंह एंव प्रभारी निरीक्षक थाना मधुबन सुदेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कई विभागों से जुड़े अधिकारी एंव कर्मचारी भी सड़क पर उतरे और लोगों को जागरूक किया।

सतर्क रहें वाहन चालक

वाहन में बैठे लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्हें सीट बेल्ट लगाकर चलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोगों में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का पंफ्लेट भी वितरित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मधुबन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों से अवगत होना और उसका पालन जरूरी है। इससे वाहन चालक खुद को और दूसरों को भी सड़क दुर्घटनाओं से बचा सकते हैं। प्रभारी निरीक्षक मधुबन सुदेश कुमार सिंह ने भी सभी से यातायात नियमों की शत प्रतिशत पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *