अधिकारियों के चंगुल में फंस गये हैं मुख्यमंत्री: पवनदेव

शेयर करे

आजमगढ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ललितपुर में दिए गये बयान के विरोध में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष पवन देव त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी के नाम खुला पत्र लिखा है। उन्होंने अपने साथियों के साथ मेहता पार्क स्थित अंबेडर प्रतिमा के पास मौन रख कर विरोध व्यक्त किया।
मुख्यम़त्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा था कि वे दलाली करना बंद कर दें, मुख्यमंत्री अधिकारियों को खुद सुधार देंगे। पवन देव त्रिपाठी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ आधिकारियों के चंगुल में फंस गए हैं अधिकारी उन्हें जो पाठ पढ़ा रहे हैं वे उसी को सच मान रहे हैं जबकि जनता सरकारी कर्मचारियों के भ्रष्टाचार के कारण कराह रही है और उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। अगर भाजपा के कार्यकर्ता उनकी शिकायते करते हैं तो मुख्यमंत्री उन्हें ही दलाल कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी जी के इस वक्तव्य से प्रदेश ही नहीं पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ता आश्चर्य चकित, हतप्रभ और अवाक हैं। उन्होंने कहा कि यदि योगी जी भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और उसके कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया से परिचित होते तो ऐसी बातें नहीं कहते। पूर्व नगर अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आपकी सरकार में भाजपा का कार्यकर्ता दलाली नहीं कर रहा है बल्कि अपनी ही सरकार में अपनी उपेक्षा से दुखी है। यदि सरकारी कर्मचारी ईमानदारी से अपना काम करते तो किसी कार्यकर्ता को आम जनता की सिफारिश करने के लिए सरकारी दफ्तर में दौड़ना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आशा है मुख्यमंत्री अपने बयान पर पुनर्विचार करेंगे और अपने हृदय की विशालता का परिचय देते हुए कार्यकर्ताओं से माफी मांगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *