लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव में छोटी दिवाली हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। लोगों ने चतुर्दशी पर दीपदान कर दीपोत्सव का प्रारंभ किया। छोटी दिवाली पर देवगांव रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता हुआ नजर आया। कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को मृत्यु के देवता यमराज का पूजन कर यम का दीपक घर से बाहर रखा गया। सार्वजनिक स्थलों पर रखे गए दीये जल, रोड़ी, अक्षत, चावल, गुड़, फूल, नैवेद्य आदि से पूजन के बाद यम के नाम पर 14 दीपक जलाए गए। दिनभर घरों में साफ-सफाई चलती रही।
लक्ष्मी पूजा समितियों की ओर से देवगांव के विभिन्न क्षेत्रों में लगे पंडाल में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही मां लक्ष्मी के जयघोष वातावरण में गूंजने लगे। बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजन-अर्चन कर मंगल कामना की। देवगांव बाज़ार दुल्हन की तरह सजा दी गई है।
देवगांव में दीपावली बड़े ही धूम धाम से मनायी जाती है। सुरक्षा को लेकर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क देखी जा रही है। जगह जगह फ़ोर्स की तैनाती की गई है। बड़ी गाड़ियों का आवागमन बाज़ार में प्रतिबंधित कर दिया गया है ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो सके।
हालांकि इससे आमजन को काफी दुश्वारियांे का भी सामना करना पड़ रहा है। जबकि दवा आदि के लिए बाजार में जाने का प्रयास करने वाले लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष कर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारी भी ट्रांसपोर्ट की गाड़ी अंदर न आने से पूरी तरह परेशान नजर आ रहे हैं। जिनके सामान खत्म हो चुके हैं वह इस त्योहारी सीजन में बिक्री करने के लिए परेशान है। बाजार में आने वाले सभी रास्तों को चार पहिया वाहन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। रविवार को मनाए जाने वाली दीपावली के बाद विसर्जन तक यह रोक कायम रहेगी इसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकेगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद