ऑनलाइन जॉब का झांसा देकर ठगी

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर हुए साइबर फ्रॉड के एक मामले में थाना अतरौलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से कटे 29,999 रुपये सफलता पूर्वक वापस करा दिए। साइबर अपराध के मामलों में यह कार्रवाई पुलिस की सक्रियता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
ग्राम खानपुर फतेह निवासी विकास मोदनवाल पुत्र गुलाबचन्द्र ने 26 मई 2025 को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि टैन्गो ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जॉब दिलाने का झांसा देकर उसके साथ साइबर ठगी की गई, जिसमें उसके बैंक खाते से कुल 49,959 की धनराशि कट गई। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा की गई विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई में बैंक से समन्वय स्थापित कर 29,999 की रकम को फ्रीज करा पीड़ित के खाते में वापस जमा करा दिया गया। वहीं शेष 19,959 की धनराशि को वापस कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही अभी प्रचलित है।
साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की जांच के दौरान लगातार बैंक व संबंधित संस्थाओं से संपर्क कर पीड़ित की धनराशि वापसी सुनिश्चित कराई। इस कार्रवाई में कांस्टेबल कौशिक वर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन जॉब, ऑफर या लिंक पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने पर दें।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *