पुलिस ने तत्काल ग्राम प्रधान से संपर्क कर माहौल बिगड़ने से पहले ही उसे पहले वाले रंग में पेंट करा दिया
जौनपुर (सृष्टि मीडिया)। नेवढ़िया क्षेत्र के सहिजनी गांव के एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा बनवाये गए कर्बला के गुंबद को मंगलवार की रात में अराजक तत्वों ने पेंट कर भगवा रंग में रंग डाला। वहां लगे इस्लामिक झंडे को भी उठा ले गए। वहीं सुबह देखने के बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल ग्राम प्रधान से संपर्क कर माहौल बिगड़ने से पहले ही उसे पहले वाले रंग में पेंट करा दिया। दोपहर बाद तक वहां पुलिस तैनात रही।
मौके पर पहुंची फ़ोर्स
बुधवार की सुबह जब गांव के लोगों की नजर गुंबद पर पड़ी तो एक दूसरे से चर्चा होने लगी। देखते देखते गांव के करीब-करीब सभी लोगों को मामले की जानकारी हो गई। ऐसे में वहीं से पुलिस को फोन किया गया और थाने में दी गई तहरीर में बताया गया कि कर्बला में जो गुंबद बनाया गया था उसे हरे और सफेद रंग में रंगा गया था। मंगलवार की रात में कुछ अराजक किस्म के लोगों ने गुंबद को भगवा रंग में रंग दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की मौजूदगी में गुंबज को फिर से हरे रंग का पेंट करवाकर मामले को शांत कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया ने बताया कि अराजक तत्वों द्वारा कर्बला के गुंबद को पेंट करके भगवा रंग कर दिया गया था। सूचना मिलने पर ग्रमीणों व ग्राम प्रधान की मौजूदगी में सुबह ही हरे रंग से गुंबद को दोबारा रंगवा दिया गया है। इस तरह का दुस्साहस करने वाले अराजकतत्वों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति सामान्य है।