फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर इन दिनों अफरा-तफरी का माहौल है। गैस की नियमित आपूर्ति के बावजूद उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों को समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। हालात यह हैं कि सुबह चार बजे से ही गैस गोदामों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग जा रही हैं।
क्षेत्रवासी सहित एजेंसी संचालक इस बात से परेशान हैं कि हर दिन 600 सिलेण्डर वितरित किये जा रहे है फिर भी लाइन कम नही हो रही है। केवाईसी व ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
फूलपुर इंडेन गैस सेवा के प्रबंधक पवन कुमार के अनुसार, “कोई गैस संकट नहीं है। प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर आ रहे हैं। आज दो ट्रक प्लांट से 342 व 325 सिलेंडर भरा आया है, जिसका वितरण शाम तक कर दिया जाएगा।” इसके बावजूद एजेंसी कर्मचारियों को भारी दबाव झेलना पड़ रहा है। लगातार खड़े रहकर काम करने से कर्मचारी थकान और तनाव का सामना कर रहे हैं। कैश काउंटर पर भीड़ और शोर-शराबे के कारण लेन-देन में गड़बड़ी की स्थिति बन रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
एजेंसी के ड्राइवर जंग बहादुर व हौसला यादव ने बताया कि उपभोक्ता देर रात से ही गोदाम पर पहुंचने लगते हैं और सुबह तीन बजे से ही सिलेंडर रखने लगते हैं, जिससे कर्मचारियों की नींद पूरी नहीं हो पाती और स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है।
रसोई गैस उपभोक्ता मनीष पाल, मो मुख्तार, शहाबुद्दीन, सन्देश, अखिलेश कुमार आदि का कहना है जंग शुरू होने से पूर्व कई एजेंसियों के डिलवरी वाहन भ्रमण करते थे। खाली सिलेंडर देकर भरा सिलेंडर प्राप्त कर लिया जाता था। लोग अपने कागज को भूल गए थे बिना किसी पचड़े के गैस मिल जाती थी। आज केवाईसी बुकिंग का झमेला हो गया, ऊपर से सर्वर फेल अधिक समस्या बढ़ा दे रहा है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/ज्ञानेन्द्र कुमार