इकलौते पुत्र के लापता होने से परिवार में कोहराम

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भोराजपुर कला गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के एक बुजुर्ग का इकलौता पुत्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। पिछले चार दिनों से लापता युवक का कहीं सुराग न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भोराजपुर कला निवासी शीत बसंत यादव पुत्र फूलचंद यादव, बीते 30 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई।
पीड़ित पिता फूलचंद यादव ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर से सभी रिश्तेदारों, मित्रों और जान-पहचान वालों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन शीत बसंत का कहीं कोई पता नहीं चला। थक-हारकर पिता ने अतरौलिया थाने में गुमशुदगी की लिखित प्रार्थना पत्र दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक की तलाश जारी है।
पिता ने बताया कि मेरा वह इकलौता पुत्र है। हमारी न तो किसी से कोई दुश्मनी है और न ही कोई जमीनी विवाद। वह अचानक कहां चला गया, कुछ समझ नहीं आ रहा। फूलचंद यादव ने आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी शीत बसंत यादव के बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत सूचित करें। उन्होंने कहा यदि आपको इनके बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो आप तत्काल अतरौलिया थाने को सूचित करें या परिजनों के मोबाइल नंबर से संपर्क करे। आपकी एक छोटी सी मदद एक बूढ़े पिता को उसका सहारा वापस दिला सकती है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *