डीजल-पेट्रोल के लिए मची अफरा-तफरी

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज विकास खंड अंतर्गत गुलवा नसीरपुर स्थित किसान सेवा केंद्र फ्यूल सेंटर पर डीजल और पेट्रोल के लिए भारी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। बुधवार से ही शुरू हुई भीड़ गुरुवार को और अधिक बढ़ गई, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में लगे नजर आए। हालात ऐसे हो गए कि लोग 20 लीटर से लेकर 220 लीटर तक के गैलन और ड्रम लेकर तेल भरवाने की होड़ में जुट गए।
बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए मामले की सूचना तत्काल सप्लाई इंस्पेक्टर संतोष शर्मा को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने पेट्रोल पंप प्रबंधन को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गैलन या ड्रम में तेल न दिया जाए, अन्यथा पंप को तत्काल सील कर दिया जाएगा। प्रशासन के निर्देश के बाद पेट्रोल पंप के मैनेजर धीरज राय ने गैलन और ड्रम लेकर आए ग्राहकों को तेल देने से साफ मना कर दिया।
इस संबंध में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में तेल की कोई कमी नहीं है। जिले में प्रतिदिन लगभग 700 केएल पेट्रोल-डीजल की खपत होती है, जबकि वर्तमान में करीब 3300 केएल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी नियमित रूप से आपूर्ति जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। अनावश्यक रूप से तेल का भंडारण न करें। गैलन या ड्रम में तेल ले जाना प्रतिबंधित है ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *