आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दिनेश कुमार गोयल, सभापति की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत आजमगढ़ मंडल रामबाबू, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सभी उपखंडों के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उपस्थित थे।
समिति ने जनपद में आबादी के हिसाब से विद्युत आपूर्ति एवं ट्रांसफार्मर की स्थिति एवं रख-रखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर के रख-रखाव को सुरक्षित रखते हुए खराब होने वाले ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने, रिपेयर करने की व्यवस्था की जाय। समिति ने विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक तीन माह में मीटर रीडरों के क्षेत्र में नियमित बदलाव करते रहें, ताकि विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। सभी उपखंडों पर शिकायत रजिस्टर बनाएं, जिसमें उपभोक्ताओं की शिकायतों को दर्ज किया जाय। सभी अभियंता उपखडों का भ्रमण करें तथा शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण करें।
सभापति ने कहा कि विभागीय भ्रष्टाचार तथा अन्य प्रकरणों में चेक किए जाने वाले एरिया को वहां के अधिकारियों के अलावा एरिया के अन्य अधिकारियों द्वारा सत्यता की जांच की क्रॉस चेकिंग कराया जाय। विभागीय व्यवस्था के भ्रष्टाचार मुक्त सुचारू संचालन हेतु उच्च स्तर के अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी पर एफआईआर दर्ज करायें तथा विभागीय संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाय।
रिपोर्ट-सुबास लाल