आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रियंका मौर्या ने जनपद में जनसुनवाई तथा भ्रमण/निरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत ब्लाक जहानागंज में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सारी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पायी गयी। अध्ययन अध्यापन का कार्य सकुशल था, बच्चे खुशहाल थे।
इसके उपरान्त प्राथमिक विद्यालय जहानागंज एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। सारी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित मिली। इसके बाद उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण किया। जिला कारागार में सारी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित मिली। उन्होंने शौचालय की साफ-सफाई करने हेतु निर्देशित किया। रसोई घर की सारी व्यवस्थाएं सही पायी गयी। इसके पश्चात उन्होंने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मरीजों से मिलकर उनका हालचाल पूछा।
इसके उपरान्त डा.प्रियंका मौर्य एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी की अध्यक्षता में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया तथा नवजात कन्याओं को रोली चन्दन लगाकर स्वागत किया। उपहार स्वरूप बेबी किट, कम्बल, मिठाई भेंट की तथा माला पहनाया। उन्होंने महिलाओं को स्वालम्बी और आत्म निर्भर बनने के लिए जागरूक किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी, वन स्टॉप सेन्टर के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार