आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने शुक्रवार को विकास खंड सठियांव स्थित खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कंप्यूटर कक्ष, प्रधान सहायक कक्ष, वरिष्ठ सहायक कक्ष तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों से उनका नाम और पद पूछकर उपस्थिति तथा कार्य व्यवस्था का संज्ञान लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा सरकारी कार्यों के निष्पादन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को समय से कार्यालय आने, लंबित कार्यों को शीघ्र निस्तारित करने तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने परिसर में खंड विकास अधिकारी के आवास निर्माण को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि भविष्य में बीडीओ के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान कार्यालय कर्मचारियों में हलचल बनी रही और सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यों में व्यस्त नजर आए।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह, एडीओ पंचायत सुभाष चंद्र शर्मा, एपीओ निर्भय, एडीओ अंकित सिंह, धीरज गुप्ता, प्रधान सहायक कमरुल्लाह अंसारी, राधेश्याम सिंह, लक्ष्मी प्रसाद, कमाल अहमद आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार