लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांतपुर में स्थित हनुमान मंदिर में रविवार की देर रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिर से पीतल के तीन घंटे, एक गदा, इन्वर्टर, बैटरी और दानपात्र में रखे करीब 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुजारी सर्वेश तिवारी सोमवार सुबह लगभग पांच बजे मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का सामान गायब है। जांच में पता चला कि 21 किलो का पीतल का घंटा, 11-11 किलो के दो घंटे तथा 11 किलो का हनुमान जी का गदा चोरी हो चुका है। इसके अलावा दानपात्र में रखी नकदी समेत अन्य सामान भी गायब मिला। घटना की सूचना ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। अज्ञात चोरों के खिलाफ देवगांव कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाल विमल प्रकाश राय और सीओ लालगंज ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद