एक ही रात में दो घरों से नकदी व जेवरात चोरी

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के खनियरा गांव में गुरुवार को एक ही रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
खनियरा गांव निवासी लालबहादुर सिंह अपनी पुत्री गरिमा सिंह के साथ गुरुवार की शाम गांव में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे, जबकि उनकी पत्नी भतीजे की शादी में मायके गई हुई थीं। रात करीब 8.30 बजे गरिमा सिंह घर लौटीं तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घबराकर उन्होंने पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन किसी को घटना की जानकारी नहीं थी। घर के अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा हुआ मिला।
गरिमा सिंह ने मोबाइल से अपने पिता लालबहादुर सिंह को चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही लालबहादुर सिंह घर पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। लालबहादुर सिंह के अनुसार चोर एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
वहीं गांव के सर्वेश मिश्रा, जो कृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज लालगंज में प्रभारी प्रधानाचार्य हैं, परिवार सहित जयपुर में एक शादी समारोह में गए हुए थे। उनके घर पर एक दिन और एक रात के लिए दो चौकीदार तैनात रहते थे। गुरुवार की रात करीब साढ़े 9 बजे पड़ोसी गांव मसीरपुर निवासी चौकीदार किशोर कुमार भोजन कर लौटे तो घर का दरवाजा खुला पाया। आसपास के लोगों को बुलाकर अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। इसकी सूचना उन्होंने सर्वेश मिश्रा और डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुक्रवार दोपहर घर लौटने पर सर्वेश मिश्रा ने बताया कि चोर 85 हजार रुपये नकद के साथ तीन हार, तीन मंगलसूत्र, छह सोने की सिकड़ी, मांगटीका, नथिया, दो बाली, दो कनफूल सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए हैं। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *