दो पुलों के भ्रष्टाचार का मामला उजागर

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के नरवे गांव निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह (पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी, किसान मोर्चा एवं पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य) ने पुल निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के दो मुख्य पुल बूढ़नपुर एवं बरदह दीदारगंज मार्ग स्थित किलोमीटर 22 व 34 के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं हुईं।
बरदह में प्रेस वार्ता के दौरान अनिल सिंह ने बताया कि उन्होंने 17 अगस्त 2024 को इस संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री बृजेश सिंह को शिकायती पत्र सौंपा था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई की। फलस्वरूप किलोमीटर 34 बूढ़नपुर, बरदह दीदारगंज मार्ग स्थित कुंवर नदी पर स्थित पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है जो 10 से 15 दिनों में जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
दूसरी ओर, किलोमीटर 22 मझुई नदी पर स्थित पुल का निर्माण कार्य अब भी अधूरा है, आधा पिलर बनकर तैयार है। जबकि रिकॉर्ड में इसे 100 प्रतिशत पूरा बताया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह का आरोप है कि इस पुल की प्रगति रिपोर्ट सरकारी बेवसाइट विश्वकर्मा पोर्टल पर फर्जी तरीके से अपडेट की गई है, जबकि असल में मात्र 40 प्रतिशत कार्य हुआ है। और इसका पैसा भी निकाल लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस भ्रष्टाचार में तत्कालीन जेई संतोष गोंड की सीधी संलिप्तता है, जो आज भी उसी परियोजना के प्रभारी हैं। इस पुल की हालत इतनी जर्जर है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
इनसेट–
ठेकेदार की मृत्यु के बाद भी नहीं हुआ टेंडर
आजमगढ़। भाजपा नेता अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पुल निर्माण के ठेकेदार कपिल देव यादव की मृत्यु हो चुकी है। नियमानुसार, नया टेंडर निकलना चाहिए था, परंतु बिना टेंडर के ही पुल के सिलेक्शन बॉन्ड की प्रक्रिया चलाई जा रही है, जो स्पष्ट रूप से शासन को गुमराह करने का प्रयास है। श्री सिंह ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ तत्काल जांच और संतोष गोंड को निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सुधार नहीं हुआ तो वह दीदारगंज की जनता के हित में आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने पुल निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य मंत्री बृजेश सिंह क्षेत्री अध्यक्ष गोरखपुर सहजानंद राय और किलोमीटर 34 के वर्तमान जेई का धन्यवाद भी किया, जिनके प्रयासों से एक पुल का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा हुआ।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *