बकाये बिल में लाइनमैन की रिश्वतखोरी का मामला उजागर

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत उपखंड पटवध कौतुक अंतर्गत एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां विभाग में तैनात संविदा लाइनमैन रवि मौर्य द्वारा बकाये बिजली बिल के नाम पर उपभोक्ता से रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। मानपुर निवासी मनीष राय उर्फ मुन्ना राय का करीब 22,000 बिजली बिल बकाया था। इसी को लेकर लाइनमैन रवि मौर्य ने उनसे तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
उपभोक्ता मनीष राय उर्फ़ मुन्ना राय ने लाइनमैन से एक सप्ताह का समय मांगा, लेकिन आरोप है कि लाइनमैन ने उनके खिलाफ गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए तुरंत भुगतान की मांग की। डर और दबाव में आए उपभोक्ता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि उनके पास सिर्फ 11 हजार रुपये ही उपलब्ध हैं। आरोप है कि संविदा लाइनमैन ने कहा कि 20 हजार दे दीजिए, अधिकारियों को मना लेंगे। बाद में लाइनमैन ने वही रकम ले ली। घटना से परेशान मनीष राय ने इसकी जानकारी तुरंत भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रूद्रप्रकाश राय को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल अध्यक्ष ने अवर अभियंता रितेश कुमार चौधरी को सूचना दी। अवर अभियंता ने लाइनमैन रवि मौर्य से पूछताछ कर फटकार लगाई और रकम वापस करने का निर्देश दिया।
बताया जा रहा है कि दबाव बढ़ने के बाद दो दिन के अंदर ही लाइनमैन रवि मौर्य ने रिश्वत में ली गई पूरी राशि 11,000 वापस कर दी। मंडल अध्यक्ष रूद्रप्रकाश राय ने अपने लेटर पैड पर एसडीओ बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव को लिखित शिकायत भेजते हुए लाइनमैन को तत्काल विभाग से बाहर करने की मांग की है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *