अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 197 पॉइंट पर गुरुवार देर रात करीब 3.30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक मारने से पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार में ड्राइवर के बगल में बैठे रजत कुमार मिश्रा 25 वर्ष पुत्र घनश्याम मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे विकास शुक्ला 30 वर्ष तथा पीछे बैठे अमित कुमार मिश्रा 23 वर्ष जो मृतक के भाई हैं, और प्रियांशु सिंह 22 वर्ष पुत्र रणविजय सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट पहाड़पुर सारय भीखन, थाना मोदीगरपुर, जनपद सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची यूपी डायल 112 गश्ती टीम ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक अपनी निजी स्विफ्ट डिजायर कार से गांव से बड़हलगंज बारात में गए थे और रात में वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक व घायलों के परिजन अहरौला थाने पहुंच गए और पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे