राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु प्रचार वाहन रवाना

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायालय तथा समस्त तहसील मुख्यालयों पर आगामी 14 मार्च शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मोटर दुर्घटना से संबंधित वाद, दीवानी वाद, वैवाहिक वाद, आपराधिक समनीय वाद, एनआई एक्ट, विद्युत अधिनियम, बैंक के ऋण संबंधी वाद, राजस्व वाद, चकबंदी वाद तथा वे समस्त वाद जो सुलह समझौता के तहत निस्तारित किये जा सकते है, को जरिये सुलह समझौता निस्तारित कराया जायेगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायालय परिसर में स्थित एडीआर भवन से प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/न्यायिक नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत द्वारा बताया गया कि यह प्रचार वाहन न्यायालय परिसर से चलकर तहसील सदर, कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन, नगर पालिका, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन होते हुए जनपद में प्रचार प्रसार करेगा। इस प्रचार वाहन का उद्देश्य है कि आम जनमानस को लोक अदालत के बारे में जानकारी हो सके, ताकि वादकारी अपने मुकदमों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से करा सकें।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन ने बताया कि इस लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रचार प्रसार वाहन के साथ पराविधिक स्वंसेवक भी लगाये गये हैं जो आम जनमानस को लोक अदालत के बारे में जागरूक करेंगे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *