फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के असीलपुर बस्ती में पिछले दो महीने से जला पड़ा ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब 30 घरों को बिजली आपूर्ति करने वाला 25 केवी का ट्रांसफार्मर 2 महीने से खराब है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिना बिजली के रहना बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे तंग आकर ग्रामीणों ने गांव के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर को अविलंब बदलने की मांग की ताकि बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।
इस अवसर पर सुनील कुमार, आशीष कुमार, गोविंद कुमार, दिनेश, राजेश, पंचम और राजमान सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में फरीदाबाद सब स्टेशन के जेई मोहम्मद यासीन खान ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर पर तीस कनेक्शन हैं पावर कनेक्शन है बिल नहीं जमा कर पा रहा है बिल जमा होगी तभी बदला जाएगा।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव