महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज ब्लाक परिसर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट को लेकर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता जयनाथ सिंह उपस्थित रहे।
संगोष्ठी का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रावधानों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाना रहा। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जयनाथ सिंह ने कहा कि यह केंद्रीय बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर, कौशल विकास को बढ़ावा देने वाली योजनाएँ तथा शिक्षा के क्षेत्र में निवेश को प्राथमिकता दी गई है। किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक तकनीक को अपनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसान आत्मनिर्भर बनेंगे। महिलाओं के लिए बजट में किए गए प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं को गति दी गई है। वहीं व्यापारियों और छोटे उद्यमियों के लिए कर प्रणाली को सरल बनाने, व्यापार को आसान करने और स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने की व्यवस्था की गई है। गोपालपुर से सपा विधायक नफीस अहमद के बजट पर किये गए टिप्पणी पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि विगत दश वर्षाे से वे गोपालपुर से विधायक है लेकिन क्षेत्र के किसी भी मुख्य मार्ग या लिंक मार्ग का चौड़ी करण या निर्माण नहीं कराये जबकि भाजपा का जिले में कोई भी विधायक नहीं है फिर भी भाजपा के नेता व कार्यकर्ता यथा संभव क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास कर गोपालपुर में कई मार्गों का निर्माण, चौड़ीकरण व धार्मिक स्थलों का विकास किया है। उन्होंने कहा कि सपा विधायक सिर्फ गलत तथ्य परोसने में आगे है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और बजट को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में युवा, किसान, महिलाएँ, व्यापारी एवं आमजन मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों से केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र