अंतिम बजट बैठक में विकास योजनाओं पर हुआ मंथन

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को वर्तमान कार्यकाल की पांचवीं और संभवतः अंतिम क्षेत्र पंचायत बजट बैठक हुई, जिसमें क्षेत्र के विकास कार्यों, आगामी योजनाओं और बजट आवंटन पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने की।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा और लोकसभा में बजट प्रस्तुत कर विकास की रूपरेखा तय की जाती है, उसी तर्ज पर क्षेत्र पंचायत स्तर पर भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान पिछले कार्यकाल में संपन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई और जो योजनाएं किसी कारणवश अधूरी रह गई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने स्वीकार किया कि बजट में कटौती और धनाभाव के कारण कुछ कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन विधायक निधि और विधान परिषद निधि के माध्यम से गांवों के विकास कार्यों को गति दी जाएगी। आगामी 27 फरवरी को विधायक निधि से लगभग 15 से 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का उद्घाटन प्रस्तावित है।
ब्लॉक प्रमुख ने भावुक होते हुए अतरौलिया ब्लॉक को एक परिवार की संज्ञा दी और ईश्वर से प्रार्थना की कि जनता की सेवा में समर्पित जनप्रतिनिधि आगामी चुनावों में पुनः निर्वाचित होकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएं। अंत में सभी सदस्यों ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में चंद्रजीत यादव, शीतला निषाद, लक्षिराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *