आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा की बैठक नगर के गुरुघाट स्थित श्री राम जानकी मंदिर में सम्पन्न हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय व संचालन राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार पाण्डेय ने किया। बैठक में सभा की मजबूती पर विचार विमर्श करते हुए नवंबर माह में आजमगढ़ में ब्राह्मण एकता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंडित सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन ने कहा कि वर्तमान परिवेश में समाज की अगुवाई करने वाले ब्राह्मणों को संगठित होने की आवश्यकता है। आज ब्राह्मणों के साथ हो रहे उत्पीड़न और अत्याचार की घटनाओं पर शासन प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है, जो निंदनीय है। अभी हाल में अम्बेडकर नगर में सामूहिक बलात्कार की पीड़िता नाबालिक लड़की को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा। हरिहरपुर घराने के स्व.आदर्श मिश्रा के परिवार को भी शासन से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली। ऐसे परिवेश में ब्राह्मणों को अन्याय व अत्याचार के विरूद्ध लामबंद होना पड़ेगा।
प्रदेश महामंत्री पंडित अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि ब्राह्मणों की एक बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है, लेकिन सरकार ब्राह्मणों को गरीब मानने को तैयार नहीं और उनके साथ हो रहे अत्याचार पर कड़ा कदम नहीं उठा रही, जिसके विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण दुबे, महंत संजय कुमार पाण्डेय, नंदिनी मिश्रा, सौरभ उपाध्याय, रमेश चंद्र पाण्डेय, इन्द्र प्रकाश उपाध्याय, भोला त्रिपाठी, पंचदेव पांडेय, अच्युतानंद त्रिपाठी, रितेश पांडेय, रामनरायन पाठक, विनीत मिश्रा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव