आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा की बैठक जहानागंज ब्लॉक स्थित सेवटा ग्राम में हुई। जिसमें रमेश चंद्र पाण्डेय को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। बैठक में ब्राह्मणों के विरुद्ध राजनेताओं द्वारा लगाए जा रहे अनावश्यक आरोपों का कड़ा विरोध किया गया। संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा जाति बनाने के सम्बन्ध में पंडितों पर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए ऐसे अप्रमाणिक बयान को वापस लेने की उनसे मांग की गई।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री पंडित सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन ने कहा कि वर्तमान दौर में ब्राह्मणों के विरोध का राजनीतिक प्रयोग किया जा रहा है एवं ब्राह्मणों के उत्पीड़न की विभिन्न घटनाएं हो रही हैं जिसके विरुद्ध ब्राह्मणों को संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कानपुर में प्रशासन की मौजूदगी में मां बेटी के जिन्दा जलने की घटना प्रशासन की संलिप्तता को दर्शा रही है, अभी हाल में एक ब्राह्मण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी के ऊपर जौनपुर में जानलेवा हमला अति निंदनीय है। ऐसे परिवेश में ब्राह्मणों को उत्पीड़न व अत्याचार के विरूद्ध लामबंद होना पड़ेगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार