लालगंज आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कुरेहरा तेज सिंह के खुशनामपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे प्रदीप सिंह उर्फ हाबुल के घर में घुसे और कमरे में रखे सामान को खंगालते हुए जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। रविवार सुबह जब घर के लोग जागे तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी जब सुबह उठकर घर की सफाई करने लगीं, तो देखा कि घर के दोनों दरवाजे खुले हुए हैं और सारा सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने अपने पति प्रदीप सिंह को जानकारी दी कि घर में चोरी हो गई है।
सूचना मिलते ही प्रदीप सिंह ने डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद मामले की सूचना थाना प्रभारी मेहनाजपुर को दी। इसके बाद थाना प्रभारी मनीष पाल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटना स्थल की जांच करते हुए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। पुलिस के अनुसार मामला जांच के अधीन है और चोरी गए सामान की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद