अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल में विद्यालय का 15वां वार्षिकोत्सव हर्षाेल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विभागाध्यक्ष हिंदी हरि सेवक पांडे तथा विशिष्ट अतिथि पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने सरस्वती प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण, सोशल मीडिया, धर्म, राजनीति और परंपरा जैसे विषयों पर आधारित नाटक, लोक नृत्य और डांडिया प्रस्तुत कर देर रात तक दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि हरि सेवक पांडे ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा गांव और शहर नहीं देखती, बल्कि वह जन्मजात होती है। जरूरत केवल उसे सही वातावरण और अवसर देने की होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र सिंह ‘गुड्डू’ ने कहा कि विद्यालय के शिक्षक बच्चों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं। यहां शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे बच्चे अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रिंसिपल बलवंत सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद