614 गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का खुलासा

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई जांच में लेदौरा इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी में भारी अनियमितताएं पाई गईं। जांच के बाद एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 27 मार्च को अहरौला क्षेत्र के लेदौरा स्थित गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एजेंसी संचालक विनोद कुमार यादव, गोदाम प्रभारी लालमन यादव एवं इंडियन ऑयल के विक्रय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
जांच में पाया गया कि एजेंसी के स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेख लंबे समय से अपडेट नहीं किए गए थे। भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में मात्र एक भरा हुआ गैस सिलेंडर और 222 खाली सिलेंडर मिले, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार वहां 615 भरे हुए सिलेंडर मौजूद होने चाहिए थे। इस प्रकार जांच में 614 भरे गैस सिलेंडर कम पाए गए, जिससे बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की आशंका जताई गई है। साथ ही खाली सिलेंडरों की संख्या भी रिकॉर्ड से अधिक पाई गई।
पूछताछ के दौरान एजेंसी संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मौके पर उपलब्ध गैस सिलेंडरों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद एजेंसी संचालक विनोद कुमार यादव एवं उनकी साझेदार करमावती देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *