अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। साधन सहकारी समिति पारा मिश्रौली से 136 बोरी यूरिया की कथित कालाबाजारी का मामला मंगलवार को उजागर हुआ, जब किसानों ने यूरिया से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को फुलवरिया बाजार में घेरकर पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। किसानों ने तत्काल मामले की सूचना फूलपुर के एसडीएम को दी। सूचना पर फूलपुर से नायब तहसीलदार राजाराम, अहरौला पुलिस, खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार तथा एडीओ कोऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
अधिकारियों की पूछताछ में ट्रैक्टर चालक राजीव ने बताया कि यूरिया पारा मिश्रौली साधन सहकारी समिति से लोड कर बस्ती भुजबल ले जाने को कहा गया था। वहां पहुंचने के बाद आगे का निर्देश दिया जाना था। चालक ने यह भी बताया कि खाद समिति के चौकीदार संतराम द्वारा लदवाई गई और सचिव सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर ही ले जाई जा रही थी।
किसानों का आरोप है कि जब भी समिति पर खाद आती है, उन्हें नहीं दी जाती है और अधिकांश खाद ब्लैक कर दी जाती है। सचिव सुधीर कुमार सिंह कई साधन सहकारी समितियों के प्रभारी हैं और हर जगह यही स्थिति रहती है।
नायब तहसीलदार राजाराम ने किसानों से लिखित तहरीर लेकर एडीओ कोऑपरेटिव वीर बहादुर सिंह यादव को तत्काल गोदाम सील करने का निर्देश दिया।
इस दौरान किसान सत्यप्रकाश मिश्रा, बृजेश पाठक, महेंद्र पाठक, चंद्रशेखर शुक्ला, बृजेश मौर्य, राजेंद्र राय, मुन्ना सिंह, लल्लू शुक्ला, चंदन मिश्रा, प्रमोद सिंह और संजय शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे