आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा लोकसभा चुनाव में उतरने के लिए घोषणा पत्र तैयार कर रही है। लोक सभा चुनाव में भी विधानसभा चुनाव की तर्ज पर इस बार भी जनता के सुझावों के आधार पर जन संकल्प पत्र बनाया जाएगा। भाजपा विकसित भारत को ध्यान में रखकर चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी। इसके लिए जनता के बीच जाकर लोगों से सुझाव लिए जाएंगे।
भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2047 तक विकसित भारत अभियान हाथ में लिया है। इस आधार पर ही बीजेपी का विकसित भारत संकल्प पत्र महाअभियान बनाया गया है। सुझावों के लिए जनता के बीच जाएंगे। इसके लिए 4 और 5 मार्च से संकल्प पत्र रथों की शुरुआत की जाएगी। संकल्प यात्रा रथ के साथ सुझाव पेटी भी भेजी जाएगी। इस सुझाव पेटी में प्रपत्र के जरिए जन मानस से सुझाव लिए जाएंगे। सुझाव पेटी में प्रपत्र को भरवाकर डाला जाएगा। इसके साथ ही रथों पर एलईडी भी लगी होगी, जिसमें मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर अशोक सिंह, श्रीकृष्ण पाल, योगेंद्र राय, चंद्रजीत तिवारी, शेर बहादुर सिंह, ओम प्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार