अवैध अस्पतालों पर भाजपा नेता ने लगाया बड़ा आरोप

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में धड़ल्ले से संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता रमाकांत मिश्र ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा और स्वास्थ्य विभाग व पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभागीय मिलीभगत से अवैध अस्पताल खुलेआम चल रहे हैं और इनकी लापरवाही से लोगों की जान जा रही है।
श्री मिश्र ने मंडलायुक्त को दिए शिकायती पत्र में फूलपुर स्थित यशलोक हॉस्पिटल और लालगंज स्थित आर्यन हॉस्पिटल का नाम लेते हुए कहा कि ये अस्पताल बिना पंजीकरण के ऑपरेशन और डिलीवरी जैसे गंभीर इलाज कर रहे हैं। ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों की वजह से आयेदिन मौतें हो रही हैं और इस पूरे खेल में कुछ स्थानीय नेताओं का भी हाथ है।
उन्होंने सवाल उठाया कि डिप्टी सीएमओ द्वारा कार्रवाई कर अस्पताल सील करने के अगले ही दिन ये अस्पताल कैसे फिर से खुल जाते हैं? क्या एक ही रात में इनके पास मान्यता और डिग्री आ जाती है? इससे साफ है कि स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है।
कमिश्नर ने शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए अपर जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं अतरौलिया में संचालित दर्जनों अस्पतालों के संदर्भ में पूछा गया तो रमाकांत मिश्र ने स्पष्ट कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे सभी अवैध अस्पतालों पर अब कार्रवाई होना तय है। उन्होंने चेतावनी दी कि आमजन की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि भाजपा नेता की शिकायत के बाद जिला प्रशासन इन अवैध अस्पतालों पर कितनी सख्ती दिखाता है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *