आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत लालगंज जिले के पल्हना ब्लॉक परिसर में संविधान गौरव अभियान कार्यक्रम का बृहद आयोजन हुआ। अनुसूचित समाज के प्रबुद्धजनों के जिला संगोष्ठी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लालगंज की पूर्व सांसद संगीता आजाद रहीं व विशिष्ट अतिथि के रूप में लालगंज जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव व पूर्व विधायक अरिमर्दन आजाद उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद संगीता आजाद ने कहा कि बाबा साहब ने 1951 में नेहरू मंत्रीमंडल से इस्तीफा दे दिया क्योंकि कांग्रेस ने आर्थिक नीतियों में उनके योगदान के नजरअंदाज किया जबकि वे भारत के पहले पीएचडी धारक अर्थशास्त्री थे। दलित मुद्दों को दरकिनार कर कांग्रेस ने मुसलमानों को खुश करने पर ध्यान केंद्रित किया। बाबा साहब ने कश्मीर के मुद्दे पर नेहरू की नीति का कड़ा विरोध किया। नेहरू ने हिंदू कोड बिल पास करने के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं दिखाई जो डॉ अंबेडकर द्वारा समर्थित एक महत्वपूर्ण सुधार था। कांग्रेस हिंदू कोड बिल पास करने में विफल रही जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। कांग्रेस की सरकारों ने कभी बाबा साहब को सम्मान नहीं दिया। भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब व संविधान का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया है।
जिला अध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित करने का काम किया है। कांग्रेस ने बाबा साहब की एक नहीं सुनी और उनको हराने का काम किया। 1954 के भंडारा उपचुनाव में उस समय के प्रधानमंत्री नेहरू ने उनके खिलाफ प्रचार किया जो नेहरू के विरोध को दर्शाता है। बाबा साहब को मंत्रिमंडल से बाहर होने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस ने 80 से अधिक बार आपातकाल और राष्ट्रपति शासन लगाकर संविधान की धज्जियां उड़ाईं और बाबा साहब को बार-बार अपमानित करने का काम किया है।
पूर्व विधायक अरिमर्दन आजाद ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर कांग्रेसी कोप दृष्टि का शिकार इसलिए भी हुए क्योंकि वे राष्ट्रहित में नेहरू की सभी बातों का समर्थन नहीं करते थे। कांग्रेस की संकुचित एवं अनुदार वादी नीतियों के तहत 1990 तक उन्हें भारत रत्न सम्मान से भी वंचित रखा गया। भाजपा समर्थित 1990 की सरकार द्वारा उन्हें भारत रत्न प्रदान कर डॉ आंबेडकर को प्रतिष्ठित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पल्हना मंडल अध्यक्ष विक्रांत सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला मंत्री अजय यादव, जिला मीडिया प्रभारी मयंक श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष शरद राय, नीरज गिरी, विद्या नंदन, कंचन भारती, विमलेश पांडेय, रामभुवन मौर्य, सिनोद मौर्या, अमन श्रीवास्तव, रजनीश जायसवाल, अंकुर,विशाल, अनुसूचित समाज के सैकड़ों की संख्या में प्रबुद्धजन महिला पुरुष उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार