अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा लालगंज ने हर घर तिरंगा अभियान की भव्य तैयारी शुरू कर दी है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पुष्कर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 15 अगस्त को लालगंज विधानसभा के हर बूथ स्तर और प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत नगर पंचायत के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर जाकर कार्यकर्ता तिरंगा लगाने हेतु प्रेरित करेंगे और लोगों में देशप्रेम की भावना को जागृत करेंगे। अभियान में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता, पदाधिकारी, तथा स्थानीय जनता बढ़-चढ़कर भाग लेगी। पुष्कर मिश्र ने कहा कि यह अभियान न केवल राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और जागरूकता फैलाने का एक सशक्त प्रयास भी है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद