माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला क्षेत्र के माहुल मंडल के भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव प्रताप सिंह ने बीते दिनों मुख्यमंत्री से मिलकर अहरौला के पावर हाउस पर क्षमता वृद्धि करने की मांग की थी। लेकिन उस पर जिले के अधिकारियों द्वारा गलत रिपोर्ट लगा दी गई जिसका नतीजा था कि लगातार बिजली कटौती से जहां किसानों की फसल बर्बाद हो गई वहीं व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया जिसके बाद किसानों व व्यापारियों का सब्र का बांध टूट गया। आगामी एक अगस्त को धरना प्रदर्शन का ऐलान कर दिया।
किसानों की धरने की समय सीमा को देखते हुए उच्चाधिकारियों से लेकर भाजपा पदाधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है। इसीलिए धरने को रोकने के लिए जिले के उच्चाधिकारी और भाजपा के पदाधिकारी व्यापारी और किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार भाजपा के बड़े नेताओं और विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। यही कारण है कि बीते मंगलवार को भाजपा के माहुल मंडल के अध्यक्ष गौरव प्रताप सिंह अपने सहयोगियों के साथ जिले के बिजली विभाग के आला अधिकारी से मिलकर किसानों और व्यापारियों की समस्याओं का पत्रक सौंपा। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रस्तावित धरने से पहले अगर उनकी समस्याओं का निराकरण हो जाता है तो निश्चित तौर से हम जनता की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे। देखना यह है कि कहां तक किसानों व्यापारियों का आंदोलन रंग लाता है और अहरौला का पावर हाउस उच्चीकृत की दिशा में कहां तक पहुंच पाता है।
रिपोर्ट-श्यामसिंह