यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से घर बैठे जमा होगा बिल

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली उपभोक्ताओं को हाईटेक बनाने और सुविधाओं में पारदर्शिता लाने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान का आगाज किया है। विद्युत वितरण खण्ड कप्तानगंज के तहत यह अभियान 2 फरवरी से 15 फरवरी तक चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली बिल प्रबंधन और स्मार्ट मीटर की बारीकियों से अवगत कराना है।
विद्युत विभाग के अनुसार, यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के जरिए उपभोक्ता अब अपनी उंगलियों पर बिजली से जुड़े काम कर सकेंगे। ऐप से उपभोक्ता अपने स्मार्ट मीटर की लाइव रीडिंग और डिमांड की खपत देख सकेंगे। कनेक्शन का लोड घटाने या बढ़ाने के लिए अब कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। रोजाना की खपत पर नजर रखते हुए तुरंत रिचार्ज की सुविधा होगी। बकाया बिल का विवरण देखना और ऑनलाइन पेमेंट करना आसान होगा।
अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उपखंड अधिकारी दिलीप वर्मा अतरौलिया ने कहा कि तकनीकी युग में उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने के लिए यह ऐप एक मील का पत्थर है। अतरौलिया क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील है कि वे ऐप इंस्टॉल करें ताकि बिलिंग में पारदर्शिता आए और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उपभोक्ता छूट का लाभ उठाएं और किसी भी तकनीकी समस्या के लिए ऐप या विभागीय काउंटर की मदद लें।
इनसेट–
नेगेटिव बैलेंस पर दो प्रतिशत रिबेट का लाभ
अतरौलिया (आजमगढ़)। विभाग ने उपभोक्ताओं को नेगेटिव बैलेंस के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि यह वह राशि है जो बिजली उपयोग के बाद देय होती है। यदि उपभोक्ता अपना बकाया (निगेटिव बैलेंस) और अगले माह का अनुमानित बिल एक साथ जमा करते हैं, तो उन्हें 2 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। समय पर भुगतान करने से उपभोक्ता रिमोट विच्छेदन (बिजली कटने) की परेशानी से भी बच सकेंगे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *