लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के जेहतमंदपुर निवासी अबुल जैश ख़ान गंभीर प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। अबुल जैश ख़ान का स्पष्ट कहना है कि उनके पास किसी भी प्रकार का पंपिंग सेट न तो लगा हुआ है और न ही कभी उन्होंने पंपिंग सेट की कोई बोरिंग करवाई है। इसके बावजूद विभाग द्वारा लगातार उनके नाम पर पंपिंग सेट के बिल भेजे जा रहे हैं।
उपभोक्ता इस समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। स्थिति यह है कि लालगंज विद्युत उपखंड कार्यालय के जेई की दो अलग-अलग रिपोर्ट न केवल भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है, बल्कि उपभोक्ता पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बना दिया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि बिना पंपिंग सेट के इस्तेमाल के बावजूद उनसे 66 हजार रुपए जमा करने की मांग की जा रही है। उपभोक्ता इस अव्यवस्था और अन्यायपूर्ण व्यवहार से बेहद मानसिक तनाव में है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद उसे विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की राहत या उचित समाधान प्राप्त नहीं हुआ है।
अबुल जैश ख़ान का कहना है कि वह पूरी तरह निर्दाेष हैं और विभाग द्वारा भेजे जा रहे इस मनमाने बिल व दबाव से उनकी आर्थिक और मानसिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है। उपभोक्ता उम्मीद करता है कि संबंधित अधिकारी मामले की वास्तविकता की निष्पक्ष जांच कर उसे शीघ्र न्याय दिलाएंगे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद