बलिदान दिवस पर याद किये गये भगत, राजगुरू व सुखदेव

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा बलिदान दिवस के अवसर पर श्री रामनगीना मिश्रा पीजी कॉलेज जोकहरा लाटघाट में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ.विभूति नारायण सिंह एवं संचालन जिला संयोजक गौरव शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि प्रांत मंत्री सौरभ गौड़ ने कहा कि 23 मार्च कोई सामान्य तिथि नहीं है। जिस उम्र में विद्यार्थी पढ़ता है, खेलता है, उस उम्र में स्वंत्रता की लड़ाई लड़ने वाले वीर शहीद भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु को फांसी दी गई थी। स्वतंत्रता के बाद आज हमें जो विरासत मिली है उसको संभालने की जिम्मेदारी आज के विद्यार्थियों और युवाओं की है। शिव बालिका इंटर कॉलेज जीयनपुर में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक उत्कर्ष पाण्डेय ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी हमारे पूर्वज है उनका सम्मान करना हमारा दायित्व है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगो के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। जीयनपुर नगर ईकाई के कार्यकर्ताओ द्वारा बड़ागांव पूनापार में बलिदान दिवस के अवसर पर शहीद सौदागर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। विभाग संगठन मंत्री शिवम पाण्डेय ने कहा कि रिसर्च इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्त्ता ज्ञात अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों में गए थे। आज उन सभी परिवारों के लोग विद्यार्थी परिषद से जुड़े हैं। इस मौके पर आनंद सिंह, मनोज शाही, संजय पाण्डेय, अभिषेक राठौर, अमित शर्मा, आदित्य सिंह टिंकू सिंह आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में सहादत दिवस के अवसर पर प्रयास सामाजिक संगठन ने सर्फुद्दीनपुर स्थित एक मैरेज हाल में शहादत दिवस मनाया। मंच संचालन शायर व गीतकार आदित्य आजमी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष रणजीत सिंह, प्रद्युम्न, मनोज, सुनील यादव, डा.हरगोविंद विश्वकर्मा, धर्मेंद्र सैनी, अंगद साहनी, राणा बलवीर सिंह, महिमा चौधरी, साधना राय, मीरा चौहान, अनिल गोंड आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में 93वें शहीद दिवस के उपलक्ष्य में राहुल चिल्ड्रेन इंगलिश मीडियम एकेडमी के बच्चों ने रैली निकाली जो विद्यालय प्रांगण से डीएवी कालेज के रास्ते गांधी तिराहा होते हुए कुंवर सिंह उद्यान से त्रिमूर्ति तिराहा पहुंची। यहां स्थापित भगत सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। कक्षा सात की छात्रा सुहानी ने भगत सिंह पर एक सुन्दर गीत ‘लाहौर की जेल में बैठा मां को लिखता परवाना’ गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आलोक यादव ने याद करें कुर्बानी तेरी हम सुनाया। दिशा श्रीवास्तव ने भगत सिंह के संघर्षों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सर्वजीत, एसडी यादव, बृजेश, सरिता, कुसुम आदि उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में बाबू केदारनाथ स्मारक जनसेवा संस्थान द्वारा संचालित भगत सिंह खेल एकेडमी निजामाबाद में महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर उनके द्वारा देश को दिए गए योगदान पर चर्चा की गयी। इस दौरान प्रतिभा खोज दौड़ कबड्डी तथा कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव ने कहा कि भारत मां के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाई इसलिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। इस अवसर पर डॉ.आदित्य सिंह, स्वतंत्र सोनकर, मिथिलेश कुमार यादव, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *