एक दिन के लिए बीईओ बनी कक्षा 8 की खुशी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बेसिक शिक्षा परिषद के लिए 24 सितंबर का दिन विशेष महत्व का होता है। क्योंकि यूनिसेफ की परिकल्पना की बच्ची मीना का जन्मदिन प्रत्येक वर्ष 24 सितंबर को मनाया जाता है। इसे मीना दिवस के रूप में भी जाना जाता है। मीना के जन्मदिन और मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वाधान में अजमतगढ़ में कक्षा 8 की खुशी एक दिन के लिए बीईओ बनी। खुशी ने शिक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया व लड़कियों के अधिकारों के लिए लड़ने के संकल्प को दोहराया।
मीना के जन्मदिन के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय अजमतगढ़ की कक्षा 8 की खुशी को एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बनने का अवसर मिला। खंड शिक्षाधिकारी कुलदीप नारायण सिंह ने खुशी को बाकायदा अपनी कुर्सी हस्तगत की। एक दिन के लिए खंड शिक्षाधिकारी बनी खुशी ने विभागीय कार्यों को जांचा परखा तथा पूछे जाने पर कहा कि अगर उसे भविष्य में खंड शिक्षा अधिकारी बनने का अवसर मिलता है तो वह वंचित लड़कियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी। अजमतगढ़ के गौरी शंकर नगर मोहल्ले की निवासी खुशी को गणित पढ़ना पसंद है तथा वह अपने 6 भाई बहनों में तीसरे स्थान पर है। उनके पिताजी मछली पकड़ने और बेचने का कार्य करते हैं।
खुशी ने अपने विद्यालय पर सभी बच्चों के लिए हर कमरे में पंखे लगाने की गुहार लगाई। खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप नारायण सिंह ने खुशी का उत्साह वर्धन किया तथा उसे शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर प्रदीप राय, प्रदीप कुमार तिवारी, दिनेश पांडे, लक्ष्मी नारायण माथुर, अनिल मिश्रा, दिलीप राय, अंशु राय, एजाज़ जोगी, सरिता मौर्य, राजलक्ष्मी, सविता पाठक मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *