बरदह पुलिस की 6 साल में बड़ी कार्रवाई

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण में थाना बरदह पुलिस ने बीते छह वर्षों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सघन अभियान के तहत बरदह पुलिस ने कुल 261 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि लंगड़ा ऑपरेशन के अंतर्गत पुलिस मुठभेड़ों में 22 अभियुक्त गोली लगने से घायल हुए।
हत्या के मामलों में दर्ज 16 मुकदमों में 52 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई, वहीं 9 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। लूट व छिनैती के 21 मामलों में 88 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए तथा 5 अभियुक्तों ने आत्मसमर्पण किया। इसके अलावा चोरी व नकबजनी के 70 मामलों में 121 अभियुक्तों को जेल भेजा गया, जबकि 32 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2025 में कार्यभार संभालने के बाद पंचायत चुनाव के दृष्टिगत क्षेत्र के सभी हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर अपराध न करने की शपथ दिलाई गई, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए गोड़हरा, मुक्तिपुर, दुबरा व बड़गहन में पुलिस बूथों का निर्माण कराया गया है, वहीं ठेकमा पुलिस चौकी का नवनिर्माण कर उसे आधुनिक स्वरूप दिया गया है। बरदह पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली से थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक माहौल बना है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
रिपोर्ट-एमके राय ठेकमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *