आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय पालिटेक्निक में आयोजित आजमगढ़ महोत्सव-2023 (दिनांक 18 से 24 सितंबर 2023 तक) कार्यक्रम का शुभारम्भ कुलपति, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ प्रदीप शर्मा व मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
महोत्सव में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा लोक गायन, समूह नृत्य एवं एकांकी की प्रस्तुति की गई। साथ ही ऑडिशन में चयनित कलाकार द्वारा लोक गायन, तपस्या क्रिएटिव स्कूल द्वारा लोकनृत्य एवं हुनर संस्थान द्वारा रामलीला की प्रस्तुति की गई। इसी के साथ ही बच्चों द्वारा मेरी माटी मेरा देश के तहत देशभक्ति कार्यक्रम, राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रों द्वारा सेव वाटर, मोबाइल एडिक्शन, अतुल्य भारत का कार्यक्रम तथा उच्च स्तर पर भाग ले चुके बच्चों द्वारा योगासन का प्रदर्शन किया गया।
इसी के साथ ही योगाशन का आयोजन किया गया। तत्पश्चात सुनील जोगी, विष्णु सक्सेना, अंकिता सिंह, अमन अक्षर, अभय निर्भीक, डॉ0 मंजीत सिंह, विनीत चौहान, सुनील व्यास द्वारा राष्ट्रीय कवि सम्मलेन का आयोजन किया गया। उपरोक्त समस्त कलाकारों को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आज़ाद भगत सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण सहित गणमान्य व्यक्ति तथा भारी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार